ईंधन सस्ता होने से किसानों-व्यापारियों को फायदा: धर्मपाल सिंह
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी के फैसले को प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने जनहित में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से आम लोगों के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि ईंधन की कीमतों में कमी से परिवहन खर्च घटेगा, जिससे बाजार में आवश्यक वस्तुओं के दाम पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। खेती-किसानी में लगने वाली लागत कम होने से किसानों को राहत मिलेगी और उत्पादन लागत नियंत्रित होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां आम जनता को राहत देने पर केंद्रित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्री ने विश्वास जताया कि इस फैसले से युवाओं, मध्यम वर्ग और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और इसका सकारात्मक असर पूरे बाजार पर दिखाई देगा।


