SDM बनकर नौकरी दिलाने का झांसा, तीन बहनों का गिरोह पकड़ा; 55 लाख रुपये फ्रीज
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। शहर में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां तीन महिलाओं ने मिलकर खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। थाना बारादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गिरोह की तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह की मुख्य आरोपी डॉ. विप्रा शर्मा खुद को IAS और उसकी बहन शिखा शर्मा खुद को ADM बताती थी। दोनों मिलकर UPSSSC में नौकरी दिलाने का झांसा देती थीं। विश्वास दिलाने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर लखनऊ से डाक द्वारा भेजे जाते थे, जिससे पीड़ितों को सरकारी प्रक्रिया का भ्रम होता था।
इस मामले में प्रीति लयल समेत कई लोगों से करीब 11 लाख रुपये की ठगी की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों और जालसाजी के जरिए लोगों को लंबे समय तक गुमराह किया।
पुलिस ने तीनों महिलाओं—विप्रा शर्मा, दीक्षा पाठक और शिखा शर्मा—को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा ठगी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा XUV 700 और पवन विहार स्थित मकान की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में जमा करीब 55 लाख रुपये फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।


