अलंकार अग्निहोत्री की जगह राम जनम यादव बने प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट, डीएम ने जारी किया आदेश
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
खबर:
बरेली। जनपद में चर्चित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री से जुड़े घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शासकीय कार्यहित में आदेश जारी करते हुए अपर उप जिलाधिकारी (सदर) राम जनम यादव को प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट, बरेली का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया है।
यह व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राम जनम यादव को इस अतिरिक्त दायित्व के लिए किसी प्रकार का अलग भत्ता या अतिरिक्त भुगतान नहीं मिलेगा। वे अपने वर्तमान पद के साथ नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नगर प्रशासन को सुचारु रूप से संचालित रखने और किसी तरह का प्रशासनिक शून्य न बने, इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि राम जनम यादव के अनुभव से नगर क्षेत्र से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय और गति आएगी।
जिलाधिकारी के आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त बरेली मंडल सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ भेज दी गई है। नगर मजिस्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण पद पर यह बदलाव जनपद प्रशासन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


