कमिश्नरी की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए 58 प्रशिक्षु अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने समझाए प्रशासन के गुर। सहसंपादक हरीश भाकुनी राजस्व प्रशासन, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों के समन्वय पर आयुक्त ने दिया व्यावहारिक ज्ञान, सुशासन और प्रशासनिक सुधारों पर प्रशिक्षुओं के सवालों के दिए तार्किक जवाब
नैनीताल, 30 जुलाई 2026। डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी में चल रहे 16वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित 58 प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में आयुक्त दीपक रावत ने प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरी की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक ढांचे और दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कमिश्नरी स्तर पर राजस्व प्रशासन, कानून व्यवस्था की निगरानी तथा विभिन्न विकास कार्यों के समन्वय को किस प्रकार प्रभावी ढंग से संचालित किया जाता है। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में अधिकारियों की भूमिका और निर्णय प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियों को भी व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
सत्र के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने सुशासन (Good Governance), प्रशासनिक सुधारों और प्रभावी प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल आयुक्त के समक्ष रखे। दीपक रावत ने प्रत्येक प्रश्न का व्यावहारिक एवं तार्किक उत्तर देते हुए प्रशिक्षुओं की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। संवादात्मक अंदाज में आयोजित यह सत्र प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए प्रशासनिक अनुभव और व्यवहारिक ज्ञान हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर बना।
आयुक्त ने कहा कि प्रभावी प्रशासन के लिए केवल नियमों की जानकारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनहित, जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की क्षमता भी आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान भविष्य में प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगा।
प्रशिक्षणार्थियों ने सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए कहा कि कमिश्नरी स्तर की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सीधे वरिष्ठ अधिकारी से समझने का अवसर उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि इस संवाद से उन्हें अपने आगामी प्रशासनिक दायित्वों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक डॉ. महेश कुमार ने कुमाऊं आयुक्त को प्रशिक्षण कार्यक्रम की विषय-वस्तु तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कार्यक्रम निदेशक/संयुक्त निदेशक, उप निदेशक-सह कार्यक्रम निदेशक एवं कन्सलटेन्ट सीजीजी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


