कानपुर: नाबालिग छात्रा से संबंधित गंभीर अपराध का मामला, एक आरोपी गिरफ्तार, दरोगा फरार, थानाध्यक्ष निलंबित
रिपोर्ट /राजेश सिंह
खबर:
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा से जुड़े एक गंभीर अपराध का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन में सवार दो व्यक्तियों द्वारा छात्रा को अपने साथ ले जाने और उसके साथ आपराधिक कृत्य किए जाने का आरोप है। घटना के बाद छात्रा को उसके घर के समीप छोड़ दिया गया।

घटनाकी सूचना पीड़िता के परिजनों द्वारा देर रात डायल-112 पर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके पश्चात पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस जांच में एक दरोगा अमित मौर्य पर मामले में संलिप्तता के आरोप सामने आए हैं। एक अन्य आरोपी शिवबरन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नामजद दरोगा की तलाश की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।
मामले में लापरवाही तथा विधिक प्रक्रिया में त्रुटियों के आरोप में सचेंडी थानाध्यक्ष विक्रम सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर कानपुर कमिश्नरेट रघुवीर लाल ने बताया कि प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


