डीजे ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या, बरेली में सनसनी; परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की उठाई मांग
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। थाना बरादरी क्षेत्र के गोसाई घोटिया इलाके में एक 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अर्जुन मौर्य के रूप में हुई है, जो एक बरात घर में डीजे ऑपरेटर का काम करता था। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
काम से लौटते समय हुई वारदात
जानकारी के अनुसार गोसाई घोटिया निवासी अर्जुन मौर्य देर रात डेलापीर स्थित एक बरात घर में डीजे का काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार युवकों ने उसे रोक लिया। विवाद के बाद एक आरोपी ने अर्जुन के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता राकेश मौर्य ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी लंबे समय से इलाके में दबंगई और आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि अर्जुन की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। परिजनों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उनका एनकाउंटर किए जाने की भी मांग उठाई है।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर प्रदर्शन
हत्या की खबर फैलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
हालात को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
चार नामजद आरोपियों पर हत्या का मुकदमा
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इलाके में दहशत और आक्रोश
युवक की हत्या के बाद गोसाई घोटिया और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के बढ़ते हौसलों के कारण आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


