दरवाजे पर खेल रही मासूम पर पालतू कुत्ते का हमला, हालत नाजुक;
फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/राजेश सिंह
शिकायत पर दबंगों ने पिता को पीटा, पुलिस ने जांच शुरू की
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दरवाजे पर खेल रही ढाई वर्षीय मासूम बच्ची पर पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया।
कुत्ता बच्ची के चेहरे पर झपट पड़ा और उसे बुरी तरह नोच डाला। दर्दनाक हमले में बच्ची का चेहरा लहूलुहान हो गया और वह मौके पर ही गिर पड़ी।
परिजन तुरंत बच्ची को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। चेहरा बुरी तरह जख्मी होने की वजह से बच्ची का इलाज नजदीकी अस्पताल मे चल रहा है।
मासूम के पिता चंद्रपाल ने बताया कि बच्ची घर के दरवाजे पर खेल रही थी, तभी पड़ोसी महबूब का पालतू कुत्ता अचानक बाहर निकलकर उस पर टूट पड़ा। आरोप है कि शिकायत करने पर महबूब और उसके परिवार ने गाली-गलौज करते हुए उल्टा धमकी दी और चंद्रपाल के साथ मारपीट भी की।
घटना से स्थानीय लोगों में रोष है। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी का कुत्ता इससे पहले भी कई बार बच्चों पर हमला कर चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार ने बारादरी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
स्थानीय लोग प्रशासन से कुत्ते को पकड़वाने और आरोपी परिवार पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
