
दिल्ली धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट,
फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/राजेश सिंह
एडीजी रमित शर्मा के निर्देश पर बरेली पुलिस अलर्ट मोड पर एसएसपी अनुराग आर्य, डीएम अविनाश सिंह सहित आला अधिकारी ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण
बरेली। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। एडीजी जोन रमित शर्मा के निर्देश पर बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।
जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सोमवार देर रात से ही सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। संवेदनशील इलाकों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसपी क्राइम और थाना बारादरी प्रभारी ने संभाला मोर्चा सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसपी क्राइम और थाना बारादरी प्रभारी ने खुद संभाली। उन्होंने सैटेलाइट, रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर पुलिस टीमों के साथ सघन जांच की। इस दौरान वाहनों, यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों और छोड़ी गई वस्तुओं की बारीकी से तलाशी ली गई।
शहर की चौकियों पर कड़ी निगरानी
जगतपुर चौकी प्रभारी ने बीसलपुर चौराहे पर वाहनों और राहगीरों की जांच की।
जोगीनवादा चौकी क्षेत्र में बनखंडी नाथ मंदिर परिसर के अंदर और बाहर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की तलाशी ली गई।
संजय नगर और मॉडल टाउन चौकियों के प्रभारी अधिकारियों ने फोर्स के साथ क्षेत्र में गश्त कर संदिग्ध वाहनों की जांच की, जबकि श्यामगंज चौकी पुलिस ने ईसाइयों की पुलिया पर वाहनों और राहगीरों से पूछताछ की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जनपद में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एडीजी रमित शर्मा, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी ट्रैफिक अकमल खान सहित अन्य पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, निगरानी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा यात्री सुविधाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया।
जनता से सहयोग की अपील
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
बरेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में दें, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।