प्रेमनगर में फुटपाथ की रजाई दुकान फूंकने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, रंजिश में रची गई थी आगजनी की साजिश
रिपोर्ट: सत्य प्रकाश i
बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे फुटपाथ पर लगी रजाई-कंबल की दुकान में आग लगाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ लालू, उसके भाई मोहित और उनके साथी प्रकाश के रूप में हुई है। तीनों को एमवी इंटर कॉलेज के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश और कहासुनी के चलते उन्होंने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
12 जनवरी को दर्ज हुआ था मुकदमा
प्रेमनगर थाना पुलिस के मुताबिक इस घटना को लेकर 12 जनवरी को पीड़ित दुकानदार आशीष गुप्ता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया था कि किसी ने उसकी रजाई-कंबल की दुकान में आग लगा दी, जिससे भारी नुकसान हुआ।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
धारा बदली, अपराध की गंभीरता बढ़ी
शुरुआत में पुलिस ने बीएनएस की धारा 326 (एफ) के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसे विवेचना के दौरान अपराध की गंभीरता को देखते हुए धारा 326 (जी) में परिवर्तित कर दिया गया।
विवाद के बाद रात में लगाई गई आग
पुलिस के अनुसार 11 जनवरी को दुकान पर काम करने वाले पूजन नामक युवक से आरोपियों की किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। उसी दौरान आरोपियों ने धमकी भी दी थी। इसके बाद देर रात करीब दो बजे तीनों ने दुकान में आग लगा दी।
इस आगजनी में दुकानदार आशीष गुप्ता को करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ। आग में रजाई-कंबल का सारा माल, दुकान के पास खड़ा ई-रिक्शा, दो मोबाइल फोन और गल्ले में रखे 27 हजार रुपये नकद पूरी तरह जलकर राख हो गए।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी
