फर्जी वेबसाइट से विदेश भेजने का खेल, रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय के नाम पर बड़ा साइबर फर्जीवाड़ा
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय के नाम पर नकली वेबसाइट बनाकर फर्जी डिग्री और मार्कशीट तैयार करने वाले साइबर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बारादरी थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिकायत दी थी कि www.mjpru.org.in नाम की एक फर्जी वेबसाइट छात्रों और अभिभावकों को भ्रमित कर रही है। वेबसाइट देखने में असली जैसी थी और इसी के जरिए विश्वविद्यालय के नाम पर नकली शैक्षिक दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।
जांच के दौरान पता चला कि इस गिरोह को उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी सुजय राय और रामपुर निवासी धर्मेन्द्र कुमार चला रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुजय राय को विश्वविद्यालय परिसर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय के नाम की फर्जी डिग्रियों की प्रतियां बरामद हुईं। वहीं दूसरा आरोपी धर्मेन्द्र कुमार मौके से फरार हो गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि फर्जी वेबसाइट के जरिए मार्कशीट और डिग्रियां बनाकर विदेश जाने के इच्छुक लोगों के स्टूडेंट वीजा लगवाए जाते थे। वेरिफिकेशन के समय दूतावास को उसी फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा जाता था, जिससे दस्तावेज असली प्रतीत हों। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े लाभार्थियों की जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।


