फिर दुबारा गूगल मैप ने दिखाया गलत रास्ता,
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
शाहजहांपुर में 15 फीट खाई में उतरी टूरिस्ट बस; पांच यात्री घायल
शाहजहांपुर/तिलहर–निगोही मार्ग पर डडिया गांव के पास बृहस्पतिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया, जहां नेपाल बॉर्डर से पंजाब जा रही यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी खाई में उतर गई। बस चालक रास्ते के लिए गूगल मैप पर निर्भर था, जिसके चलते वह गलत रूट पर पहुंच गया। चीख-पुकार के बीच पांच यात्री घायल हुए, जबकि बाकी सभी सुरक्षित बताए गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
कैसे हुआ हादसा?
बुधवार को नेपाल बॉर्डर के कृष्णानगर से 56 यात्री टूरिस्ट बस में बैठकर पंजाब के मानसा जिले के बिकी थाना क्षेत्र स्थित गांव फोड़लाकला जा रहे थे। चालक मनदीप सिंह बस को बलरामपुर होते हुए चंडीगढ़ की ओर ले जा रहा था और पूरा रूट गूगल मैप के आधार पर तय कर रहा था।
बृहस्पतिवार तड़के करीब 3:30 बजे मनदीप ने मैप में दिख रहे शॉर्टकट के चक्कर में निगोही की ओर मोड़ लिया। यह मार्ग बंद होने के साथ ही भारी वाहनों के लिए बिल्कुल उपयुक्त नहीं था। तंग एवं खराब सड़क के कारण बस का संतुलन बिगड़ा और डडिया बाजार के पास वाहन खाई में जा गिरा।
घायलों का उपचार, बाकी यात्रियों को भेजा गया गंतव्य पर
हादसे में पांच यात्रियों को चोटें आईं, जिनका तिलहर में प्राथमिक उपचार कराया गया। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि सभी यात्री और चालक सुरक्षित हैं। बस को निकाले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है और यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
पहले भी गूगल मैप की वजह से हादसा
गौरतलब है कि 24 नवंबर 2024 को बदायूं के दातागंज में गूगल मैप पर भरोसा कर रहे तीन लोगों की कार रामगंगा नदी में गिर गई थी, जिसमें सभी की मौत हो गई थी।


