फॉर्च्यून जैसी पैकिंग में तेल बेचने का खेल बेनकाब, बरेली में 2052 लीटर तेल सीज
अडानी समूह की शिकायत पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नरियावल में गोदाम पर छापा
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली में नामी ब्रांड की आड़ में खाद्य तेल बेचने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। नरियावल क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य तेल और फॉर्च्यून ब्रांड से मिलती-जुलती पैकिंग सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान 2052 लीटर खाद्य तेल और 780 लीटर नेपाली तेल सीज किया गया, जबकि फॉर्च्यून जैसी डिजाइन वाले 171 टिन भी कब्जे में लिए गए।
फॉर्च्यून ब्रांड जैसी पैकिंग से ग्राहकों को किया जा रहा था भ्रमित
बताया जा रहा है कि अडानी समूह की लीगल टीम ने प्रशासन को शिकायत दी थी कि बाजार में फॉर्च्यून ब्रांड से मिलती-जुलती पैकिंग में रिफाइंड तेल बेचा जा रहा है। पैकेजिंग और डिजाइन इतने समान थे कि आम ग्राहक आसानी से भ्रमित हो सकते थे। शिकायत के बाद एसडीएम सदर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने नरियावल स्थित बालाजी ट्रेडर्स के गोदाम पर छापा मारा।
‘राजहंस’, ‘फंक्शन’ और ‘फार्मूला’ नाम से हो रही थी पैकेजिंग
जांच के दौरान टीम को बड़ी संख्या में तेल से भरे टिन और पैकिंग सामग्री मिली। अधिकारियों के अनुसार गोदाम में ‘राजहंस’, ‘फंक्शन’ और ‘फार्मूला’ नाम से तेल की पैकेजिंग की जा रही थी, जिनका डिजाइन फॉर्च्यून ब्रांड से काफी मिलता-जुलता पाया गया। इसके अलावा ‘सुगंध’ नाम से भी पैकिंग सामग्री मौके से बरामद हुई।
दो टैंकरों की जांच, तेल के नमूने लैब भेजे गए
छापेमारी के दौरान गोदाम में खड़े दो टैंकरों की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तेल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि तेल नकली है या गुणवत्ता मानकों के विपरीत तैयार किया गया था।
फैक्ट्री संचालक नहीं पहुंचा, देर रात हुई सैंपलिंग
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक मौके पर नहीं पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में रात करीब 11 बजे उसके प्रतिनिधि की मौजूदगी में सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
कॉपीराइट उल्लंघन समेत कई धाराओं में हो सकती है कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में मिलावट, नकली ब्रांडिंग या कॉपीराइट उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी। अडानी समूह की ओर से बिथरी चैनपुर थाने में तहरीर देकर कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
एसडीएम बोले- शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई
एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि कंपनी की शिकायत के आधार पर जांच करते हुए तेल और पैकिंग सामग्री को सीज किया गया है। मामले की जांच जारी है और लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की
