बरेली में अस्पताल संचालक पर स्टाफ नर्स से दुष्कर्म का आरोप, वेतन देने के बहाने होटल ले जाने की शिकायत
तमंचे के बल पर दुष्कर्म, नौकरी से निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के संचालक पर अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स ने दुष्कर्म और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
शाहजहांपुर जिले के खुदागंज क्षेत्र की रहने वाली युवती वर्तमान में इज्जतनगर क्षेत्र में किराये पर रहकर नौकरी कर रही थी। पीड़िता के अनुसार उसने जनवरी 2026 में एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर काम शुरू किया था। आरोप है कि अस्पताल संचालक चंद्र प्रताप ने कुछ समय बाद फोन पर अश्लील बातचीत करनी शुरू कर दी और अस्पताल में भी उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। विरोध करने पर नौकरी से निकलवाने और शहर छोड़ने के लिए मजबूर करने की धमकी दी जाती थी।
पीड़िता का आरोप है कि अप्रैल माह में अस्पताल संचालक ने वेतन देने का बहाना बनाकर उसे अपनी कार में बुलाया। रास्ते में वेतन मांगने पर आरोपी ने कथित रूप से तमंचा दिखाकर डराया और एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती का कहना है कि घटना के बाद आरोपी उसे रास्ते में छोड़कर चला गया। भय और सामाजिक बदनामी के कारण उसने तत्काल शिकायत नहीं की।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उस पर दबाव बनाता रहा। फोन करने और संपर्क में रहने के लिए मजबूर किया जाता था। मना करने पर जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। हाल ही में आरोपी ने विश्वविद्यालय और उसके किराये के कमरे के आसपास पहुंचकर भी उसे परेशान किया, जिससे वह भयभीत हो गई।
आरोपी की गतिविधियों से परेशान होकर युवती ने यूपी-112 पर सूचना दी और बाद में इज्जतनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी अस्पताल संचालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इज्जतनगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
