Home Bareilly बरेली में चाइनीज मांझे का कहर: गन्ना मंत्री के भतीजे का कटा...

बरेली में चाइनीज मांझे का कहर: गन्ना मंत्री के भतीजे का कटा गला, गंभीर हालत में ICU में भर्ती

0

बरेली में चाइनीज मांझे का कहर: गन्ना मंत्री के भतीजे का कटा गला, गंभीर हालत में ICU में भर्ती

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया है। इस बार इसकी चपेट में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना मंत्री के भतीजे आ गए। श्यामतगंज पुल पर हुए इस दर्दनाक हादसे में उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही गन्ना मंत्री और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार गन्ना मंत्री के भतीजे इलेक्ट्रिक स्कूटी से स्पोर्ट्स स्टेडियम जाने के लिए घर से निकले थे। जब वह बारादरी थाना क्षेत्र स्थित श्यामतगंज पुल से गुजर रहे थे, तभी अचानक सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। तेज धार वाले मांझे ने उनकी गर्दन पर गहरा घाव कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए पुलिस और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद घायल को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ICU में भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार गर्दन में गंभीर चोट आई है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना के बाद गन्ना मंत्री स्वयं अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। परिवार के सदस्य भी अस्पताल में मौजूद हैं। हादसे की खबर फैलते ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि श्यामतगंज पुल और स्टेडियम पुल पर चाइनीज मांझे से हादसे कोई नई बात नहीं हैं। पहले भी कई बाइक सवार और राहगीर इसकी चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। बावजूद इसके प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उधर, बारादरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के दुकानदारों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित मांझा कहां से आया और इसकी बिक्री कौन कर रहा है। एसएसपी बरेली ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version