बरेली में धूमधाम से मनी चौधरी अजीत सिंह की 87वीं जयंती, एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखने की मांग
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) द्वारा किसान मसीहा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह की 87वीं जयंती के अवसर पर कचहरी स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रालोद जिलाध्यक्ष मो. मतलूब एडवोकेट ने किया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और जनहित में किए गए कार्यों को याद किया। जिलाध्यक्ष मो. मतलूब एडवोकेट ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह हमेशा गरीबों, मजदूरों और किसानों के सच्चे हितैषी रहे और उन्होंने किसानों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया।
कार्यक्रम का संचालन सर्वेश पाठक ने किया। उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे चौधरी अजीत सिंह के पदचिन्हों पर चलते हुए पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लें।
इस अवसर पर रालोद कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर बरेली एयरपोर्ट का नाम “चौधरी अजीत सिंह एयरपोर्ट” रखने की मांग की। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से कलेक्ट्रेट कार्यालय में सौंपा गया।
कार्यक्रम में मो. मतलूब एडवोकेट, सर्वेश पाठक, कुलदीप सिंह पवार, विजय बहादुर सक्सेना, जाफर मंसूरी, शहादत हुसैन, कमलजीत सिंह, गीता सिन्हा, वीरेंद्र पाल गंगवार, लाखन सिंह, ओमपाल कश्यप, शाकिर अली, मोहम्मद मियां, जाबिर खान, शेर मोहम्मद, रिंकू, अख्तर अली, चांद बाबू, कासिम अली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
