Home Bareilly बरेली में पुलिस-मुठभेड़: शातिर बदमाश के पैर में गोली, हाथ जोड़कर मांगी...

बरेली में पुलिस-मुठभेड़: शातिर बदमाश के पैर में गोली, हाथ जोड़कर मांगी माफी—‘अब गौकशी नहीं करूंगा’

0

बरेली में पुलिस-मुठभेड़: शातिर बदमाश के पैर में गोली, हाथ जोड़कर मांगी माफी—‘अब गौकशी नहीं करूंगा’

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। एफसीआई गोदाम के पास चल रही चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना करीब रात 2 बजे हारुनगला-भरतौल रोड की बताई जा रही है। घायल बदमाश की पहचान सेमलखेड़ा निवासी वसीम अहमद पुत्र कफील अहमद के रूप में हुई है। पुलिस के पास पहुंचते ही वह दर्द से कराहते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा और बोला—“साहब गलती हो गई, अब कभी गौकशी नहीं करूंगा।”

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल बदमाश को हिरासत में लिया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष ने बताया कि बदमाश ने पहले पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई और वह घायल हुआ।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वसीम अहमद एक शातिर अपराधी है, जिस पर बरेली और शाहजहांपुर के अलग-अलग थानों में लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और गौकशी जैसे गंभीर मामलों में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 और आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, उसके गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version