बरेली में बीडीए की कार्रवाई पर बोले सपा पार्षद अब्दुल कय्यूम मुन्ना “कानून का पालन किया,
फिरोज खान भास्कर टुडे
रिपोर्ट-राजेश सिंह
प्रशासन का पूरा सहयोग करूंगा, मेरा किसी बवाल से कोई ताल्लुक नहीं”
यूपी -बरेली में सोमवार को हुई विकास प्राधिकरण (BDA) की कार्रवाई ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। बीडीए की टीम ने सपा पार्षद अब्दुल कय्यूम मुन्ना के शोरूम को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद अब्दुल कय्यूम ने साफ तौर पर कहा है कि उन्हें न तो इस कार्रवाई की कोई पूर्व जानकारी दी गई और न ही कोई नोटिस मिला। उनका कहना है कि वह हमेशा कानून का सम्मान करते हैं और प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं।
अब्दुल कय्यूम ने बताया कि सोमवार को अचानक बीडीए की टीम पहुंची और कहा कि शोरूम सील किया जाएगा। “मैंने टीम से पूछा कि आखिर किस आधार पर कार्रवाई हो रही है, लेकिन मुझे कोई लिखित जानकारी नहीं दी गई। इसके बावजूद मैंने कानून का पालन करते हुए पूरी कार्रवाई में सहयोग किया,” उन्होंने कहा।
सपा पार्षद ने कहा कि उनका इस मामले से कोई भी ताल्लुक नहीं है। “मैं 25 साल से समाजवादी पार्टी से जुड़ा हूं। लगातार सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ता आया हूं। मेरा किसी बवाल या अवैध गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। जो लोग बरेली में 26 सितंबर के बवाल में शामिल थे, उन्हीं पर कार्रवाई होनी चाहिए। निर्दोष लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।
तौकीर रजा से करीबी के सवाल पर अब्दुल कय्यूम ने साफ शब्दों में कहा, “तौकीर रजा की अपनी पार्टी है, मेरी अपनी पार्टी है। मैं समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता हूं, तो मैं उनका करीबी कैसे हो सकता हूं? यह अफवाहें बेबुनियाद हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “अगर किसी का नाम हिंसा में आया है, तो जांच होनी चाहिए। कानून सबके लिए बराबर है। लेकिन कार्रवाई से पहले नोटिस देना जरूरी होता है। बीडीए ने अचानक आकर शोरूम सील कर दिया। यह शोरूम मेरी पत्नी के नाम पर है और अब्दुल कय्यूम एंटरप्राइज के नाम से पंजीकृत है। मैं यह कारोबार पिछले पांच साल से पूरी ईमानदारी से चला रहा हूं।”
अब्दुल कय्यूम ने जोर देकर कहा कि उन्होंने बीडीए की कार्रवाई में कोई विरोध नहीं किया, बल्कि पूरा सहयोग किया है। “मैं प्रशासन का सम्मान करता हूं और आगे भी हर तरह का सहयोग करूंगा। लेकिन प्रशासन से उम्मीद है कि पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करे। कानून सबके लिए है, मगर न्याय और निष्पक्षता भी उतनी ही जरूरी है,” उन्होंने कहा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीडीए की यह कार्रवाई 26 सितंबर को हुए बरेली बवाल के बाद की जा रही सख्ती के क्रम में मानी जा रही है। प्रशासन फिलहाल किसी भी अवैध निर्माण या विवादित संपत्ति पर कार्रवाई कर रहा है। वहीं, सपा पार्षद का कहना है कि उनका शोरूम वैध दस्तावेजों के साथ पंजीकृत है और वह सभी करों का नियमित भुगतान करते हैं।
अब्दुल कय्यूम ने अंत में कहा, “मैं हमेशा नियमों के दायरे में रहा हूं। मेरा किसी विवाद या हिंसा से कोई लेना-देना नहीं है। मैं चाहता हूं कि प्रशासन निष्पक्ष जांच करे ताकि सच्चाई सामने आए।”


