बरेली में महिला से घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR
फिरोज खान /यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट-हैदर अली
15 जुलाई की रात हुई वारदात, शराब के नशे में आरोपी ने महिला को दबोचकर किया दुष्कर्म का प्रयास परिवार के आने पर भागा
बरेली। जनपद बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय निवासी छेदा लाल ने शराब के नशे में महिला के घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने आखिरकार कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश पर शनिवार सीबीगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पति के बाहर रहने के दौरान हुई वारदात
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 15 जुलाई 2025 की रात करीब 8 बजे वह अपने मकान में सो रही थी। उसका पति काम के सिलसिले में जिले से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला छेदा लाल शराब के नशे में धुत्त होकर उसके घर में घुस आया।
आरोप है कि आरोपी ने महिला को चारपाई पर दबोच लिया और जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर उसने उसका मुंह गमछे से दबा दिया ताकि कोई सुन न सके।
परिवार के जागने पर आरोपी हुआ फरार महिला के चीखने की आवाज सुनकर उसकी देवरानी, जेठानी और सास जाग गईं। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपी छेदा लाल भाग खड़ा हुआ। घटना से पूरे परिवार में दहशत फैल गई।
पहले भी कर चुका है अश्लील हरकतें दर्ज हो चुकी थी छेड़छाड़ की रिपोर्ट
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले से ही उस पर बुरी नीयत रखता था। वह अक्सर उसे देखकर अश्लील इशारे करता था और ताने मारता था। इस संबंध में महिला ने पहले भी 22 जून 2025 को सीबीगंज थाने में छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।
कोर्ट के आदेश पर हुई FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता का कहना है कि उसने घटना के बाद सीबीगंज पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। आखिरकार उसने न्याय की गुहार कोर्ट में लगाई।
कोर्ट के आदेश पर अब सीबीगंज पुलिस ने आरोपी छेदा लाल के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और घर में घुसपैठ सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश, न्याय की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी अब तक खुलेआम घूम रहा था। अब जब कोर्ट के आदेश के बाद एफआईआर दर्ज हुई है, तब जाकर पुलिस हरकत में आई है।


