बरेली रोडवेज बस स्टैंड के पास इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। रोडवेज बस स्टैंड के पास नगर निगम मार्केट स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के बड़े गोदाम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम मालिक सुमित कांत गोयल के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया।
कुछ ही मिनटों में राख हुआ लाखों का माल
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े आठ बजे सुमित कांत गोयल रोज की तरह गोदाम बंद करके घर चले गए थे। थोड़ी देर बाद ही उन्हें सूचना मिली कि उनके गोदाम से धुआं उठ रहा है। वे तुरंत मौके पर पहुंचे तो आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि गोदाम में टीवी, फ्रिज, मिक्सर, मोटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भरा हुआ था, जो कुछ ही क्षणों में जलकर राख हो गया।
आस-पास के दुकानदारों में हड़कंप
आग लगते ही आसपास के दुकानदार दहशत में आ गए। चूंकि मार्केट में दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं, ऐसे में आग के फैलने का खतरा काफी बढ़ गया था। दुकानदार खुद भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे, ताकि आग उनके दुकानों तक न पहुंचे।
फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों की सूचना पर पास स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय से टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आग को काबू में लिया और उसे अन्य दुकानों में फैलने से रोक दिया। समय पर पहुंची दमकल टीम की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
नुकसान का आंकलन जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंची टीम और गोदाम मालिक मिलकर नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो चुका है।
स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मार्केट में अग्निशमन सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


