मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली बना नंबर-1, विकास और राजस्व कार्यों में प्रदेश में लहराया परचम
मई 2026 की ओवरऑल रैंकिंग में बरेली को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान, डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत जारी की गई मई 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जनपद बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विकास एवं राजस्व कार्यों की संयुक्त (ओवरऑल) रैंकिंग में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं विकास कार्यक्रमों तथा राजस्व कार्यक्रमों की अलग-अलग श्रेणी में भी बरेली ने प्रदेश में तृतीय स्थान हासिल कर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने बताया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण तथा सतत समीक्षा के कारण जनपद की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार हुआ है, जिसके फलस्वरूप यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपदों की रैंकिंग विभिन्न विभागों की सेवाओं, योजनाओं और परियोजनाओं के प्रदर्शन के आधार पर तय की जाती है। ऐसे में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना बरेली प्रशासन के लिए बड़ी उपलब्धि है और यह जनपद के बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन को दर्शाता है।
जिलाधिकारी ने इस सफलता के लिए जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी विभाग इसी उत्साह, प्रतिबद्धता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए विकास एवं राजस्व कार्यक्रमों को और अधिक गति देंगे तथा बरेली को प्रदेश के अग्रणी जनपदों में बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
बरेली की इस उपलब्धि को प्रशासनिक दक्षता, बेहतर समन्वय और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है। जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने से प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।


