लखनऊ में कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल: रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को गोली मारने से हड़कंप
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में बुधवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। सेक्टर-डी स्थित शॉपिंग स्क्वायर में रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी अवधेश पाठक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में हुए विवाद के बाद हमलावरों ने फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया गया। गंभीर रूप से घायल अधिकारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दिनदहाड़े रिटायर्ड सैन्य अधिकारी पर हुई इस फायरिंग ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
