लुटेरी दुल्हन सुहागरात से पहले फरार:
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली
फरीदपुर में ‘लुटेरी दुल्हन’ ने मजदूर को ठगा, 70 हजार और गहने लेकर फरार!
फरीदपुर (बरेली)। प्रेम, भरोसा और शादी के बाद ठगी की हैरान करने वाली कहानी सामने आई है। फरीदपुर में एक गरीब मजदूर ने सोच लिया था कि अब उसकी जिंदगी बस जाएगी, लेकिन सुहागरात से पहले ही उसकी ‘दुल्हन’ सबकुछ लूटकर रफूचक्कर हो गई!
जानकारी के मुताबिक, विकास नगर देहराइन निवासी एक मिस्त्री की मुलाकात कुछ दिन पहले मिनाक्षी (उम्र करीब 22 वर्ष) नाम की युवती से हुई थी।
बातचीत का सिलसिला प्यार में बदला और फिर 26 अक्टूबर को दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। शादी में युवती की भाभी अलका भी मौजूद थी, जिसने रिश्ता पक्का कराया था।
शादी के बाद मिनाक्षी ने अपने पति से “घर खर्च” के नाम पर ₹70,000 ले लिए। सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 29 अक्टूबर की रात कहानी ने नया मोड़ ले लिया। पति ने बताया कि दोनों ने साथ में खाना खाया और सो गए। रात करीब 11 बजे जब उसकी नींद खुली, तो पत्नी गायब थी
साथ ही अलमारी से मंगलसूत्र, चांदी की पायलें, कानों के कुंडल, नथ और ₹5100 नकद भी लापता थे।
पीड़ित का आरोप है कि मिनाक्षी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया और फिर साड़ी, चप्पल समेत सारा सामान लेकर फरार हो गई। होश आने पर उसने हड़कंप मचा दिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरी दुल्हन मिनाक्षी और उसकी भाभी अलका के खिलाफ ठगी और नशीला पदार्थ खिलाकर लूट करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों महिलाएं फरार बताई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली वारदात नहीं है पहले भी इलाके में “शादी के नाम पर ठगी” के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस अब इस गैंग की पूरी पड़ताल में जुट गई है।
👉 प्रेम में धोखा, भरोसे की लूट फरीदपुर की ये कहानी चेतावनी है हर उस दिल के लिए जो बिना जांच-परख प्यार पर यकीन कर बैठता है!


