विश्व पर्यावरण दिवस पर आकाशवाणी बरेली में चला हरियाली अभियान, पौधारोपण के साथ पौधों का भी किया वितरण
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आकाशवाणी बरेली परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व स्थानीय केंद्राध्यक्ष मिथिलेश श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उपस्थित लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में केंद्राध्यक्ष मिथिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है।
इस अवसर पर आकाशवाणी परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। साथ ही लोगों को पौधे वितरित कर उन्हें अपने घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अतुल सक्सेना, संदेश सक्सेना, डॉ. रविन्द्र कुमार, देवेन्द्र रावत, बृजेश तिवारी, शीशपाल, संदीप अवस्थी, राजेंद्र, मोनिका भारती, पूजा शर्मा, आबिदा, कुलदीप सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


