Sunday, June 14, 2026
Google search engine
HomeBareillyशीशगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, स्कूलों...

शीशगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, स्कूलों और पंचायत भवनों में चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा

शीशगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, स्कूलों और पंचायत भवनों में चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शीशगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रविवार को लंबे समय से फरार चल रहे मुसीर को दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

स्कूलों और पंचायत भवनों को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुसीर और उसका साथी मुकीम संगठित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों ने मिलकर एक गिरोह बना रखा था, जो क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों और पंचायत भवनों को निशाना बनाता था। गिरोह स्कूलों और पंचायत घरों से स्मार्ट टीवी, रसोई के बर्तन और बिजली ट्रांसफार्मरों का तेल चोरी कर अवैध रूप से बेचता था। इन वारदातों से अर्जित धन को आपस में बांटकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं और गिरोह की सक्रियता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंग चार्ट तैयार किया और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

रविवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी मुसीर कस्बा शीशगढ़ के बरेली अड्डे के पास मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे थाने लाई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुसीर के खिलाफ शीशगढ़ थाने में चोरी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के अलावा उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में भी मामले चल रहे हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह का महत्वपूर्ण सदस्य रहा है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार और आरक्षी तरुण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments