सील किशन होंडा के सामने खड़ी कार में अचानक लगी आग,सड़क पर मची भगदड़ शॉर्ट सर्किट की आशंका
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। रामपुर रोड पर मिनी बाईपास स्थित सील किशन होंडा के सामने बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग इतनी भीषण हो गई कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपनी-अपनी गाड़ियां तेजी से हटाने लगे। लपटें उठने के कारण सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार कुछ देर से वहीं खड़ी थी और चालक पास में ही काम से गया था। अचानक बोनट से धुआं उठता देख लोगों ने शोर मचाया, लेकिन देखते ही देखते धुआं लपटों में बदल गया। भीषण गर्मी और हवा की वजह से आग तेज़ी से फैल गई, जिससे राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने बाल्टी और पानी से आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि किसी के नियंत्रण में नहीं आई।
सूचना मिलते ही किला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब पंद्रह मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने जली हुई कार को एक तरफ हटवाकर यातायात को फिर से सुचारु कराया।
किला थाना प्रभारी सुभाष के अनुसार आग लगने का सही कारण अब तक स्पष्ट नहीं है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का पता फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने कार मालिक से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत और भीड़ का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि आग लगने की इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।


