सेंथल में युवक की निर्मम हत्या: फेफड़े-लिवर फटे, पसलियां टूटीं…गला दबाकर मौत के घाट उतारा
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली में अपराधियों के हौसले कितना बुलंद हैं, इसका जीता-जागता उदाहरण सेंथल कस्बे में हुई दिल दहला देने वाली वारदात है। 22 वर्षीय युवक मुकेश मौर्या की हत्या इतनी बर्बरता से की गई कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी देखने वालों के रोंगटे खड़े हो जाएं। रिपोर्ट के अनुसार हत्या से पहले मुकेश को बेरहमी से पीटा गया था
इस कदर कि उसके फेफड़े और लिवर फट गए, कई पसलियां टूट गईं। इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या कर शव को श्मशान घाट के पास गेहूं के खेत में फेंक दिया गया।
रात 1 बजे हुई आखिरी बात, सुबह खेत में मिला शव
सेंथल निवासी रामप्रसाद के अनुसार उनका बेटा मुकेश गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था। रात देर तक न लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया। रात 1 बजे आखिरी बार मुकेश से बात हुई—उसने बताया कि वह मेले में है और थोड़ी देर में घर आ जाएगा। इसके कुछ देर बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया।
परिजन पूरी रात मेले में तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह गांव में खबर फैली कि श्मशान के पास खेत में एक युवक का शव पड़ा है। जाकर देखा तो वह मुकेश था। परिजनों ने रो-रोकर हालत खराब कर ली।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोली बर्बरता की परतें
पोस्टमॉर्टम में सामने आया कि मुकेश को पहले बुरी तरह पीटा गया, जिससे आंतरिक अंग फट गए। फिर गला दबाकर उसकी हत्या की गई। चोटों की गंभीरता बताती है कि वारदात में कई लोग शामिल थे या हमलावर अत्यंत क्रूर था।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सर्विलांस से जुटाए जा रहे सुराग
इंस्पेक्टर हाफिजगंज प्रवीण सोलंकी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सर्विलांस की मदद से यह पता लगा रही है कि फोन बंद होने से पहले मुकेश किसके संग था और आखिरी बार कहां देखा गया।
अप्रैल में होनी थी शादी, खुशियों पर मौत का साया
महज 22 साल का मुकेश छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और खेती-किसानी में पिता का सहारा था। अमरिया क्षेत्र में उसकी शादी तय थी
अप्रैल में बरात जानी थी। परिवार आशीर्वाद समारोह की तैयारी में जुटा था, लेकिन घर में खुशियों की जगह मातम छा गया।
सेंथल की यह दिल दहला देने वाली हत्या इलाके में दहशत फैलाए हुए है।
लोग तरह तरह कि चर्चा कर रहे हैं के आखिर एक मासूम युवक को इतनी बर्बरता से क्यों मारा गया? पुलिस पर अब दबाव है कि जल्द से जल्द हत्यारों को बेनकाब कर सजा दिलाए।


