Wednesday, August 5, 2026
Google search engine
Homeहल्द्वानीस्वतंत्रता दिवस पर नैनीताल में होगा देशभक्ति का भव्य आयोजन, डीएम ललित...

स्वतंत्रता दिवस पर नैनीताल में होगा देशभक्ति का भव्य आयोजन, डीएम ललित मोहन रयाल ने तय की रूपरेखा

स्वतंत्रता दिवस पर नैनीताल में होगा देशभक्ति का भव्य आयोजन, डीएम ललित मोहन रयाल ने तय की रूपरेखा

 

8 से 16 अगस्त तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, स्कूलों में होंगी पेंटिंग, क्विज व निबंध प्रतियोगिताएं; 15 अगस्त को सुबह 9 बजे होगा ध्वजारोहण। सहसंपादक हरीश भाकुनी

 

नैनीताल, 5 अगस्त। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में स्वतंत्रता दिवस-2026 को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर देश के वीर शहीदों एवं महानुभावों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सदस्यों, राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों तथा सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

 

सुबह 7 बजे निकलेगी प्रभात फेरी

 

जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न स्थानों, स्कूलों एवं कॉलेजों में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नैनीताल में प्रभात फेरी मल्लीताल फ्लैट मैदान से शुरू होकर तल्लीताल गांधी चौक पर समाप्त होगी। प्रभात फेरी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के साथ मौजूद रहेगी, जबकि यातायात व्यवस्था पुलिस विभाग संभालेगा।

 

9 बजे ध्वजारोहण, 9:30 बजे डीएम कार्यालय में कार्यक्रम

 

सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य भवनों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद सुबह 10 से 10:30 बजे तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे तथा विभिन्न वर्गों के लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

 

स्कूलों में सप्ताहभर चलेंगी प्रतियोगिताएं

 

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस से एक सप्ताह पूर्व विद्यालयों में पेंटिंग, क्विज, निबंध सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी आयोजन में शामिल किया जाएगा।

 

14 और 15 अगस्त को गूंजेंगे देशभक्ति गीत

 

14 अगस्त की शाम 6 से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। सरकारी भवनों, ऐतिहासिक स्मारकों तथा अन्य प्रमुख इमारतों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा।

 

8 से 16 अगस्त तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

 

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 8 से 16 अगस्त तक जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों, प्रभागीय वनाधिकारी तथा सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने परिसरों में भी विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 

खेलकूद और पौधारोपण पर भी रहेगा जोर

 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं वृहद पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी को खेल प्रतियोगिताएं कराने तथा वन एवं उद्यान विभाग को क्षेत्र के अनुकूल पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

 

प्लास्टिक के तिरंगे पर रोक, ध्वज संहिता का पालन अनिवार्य

 

डीएम ने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। यदि कहीं सड़क या अन्य स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज पड़ा मिलता है तो संबंधित उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं थाना प्रभारी उसके सम्मानजनक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

 

डीएम ने नगर निगम एवं नगर निकायों को 15 अगस्त से पहले महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments