हल्द्वानी गौलापार मैं ब्लाइंड स्कूल नैब राष्ट्रीय दृष्टिबाधित empowerment को मिला नया संबल सहसंपादक हरीश भाकुनी हल्द्वानी, उत्तराखंड
राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ भारत / National Association for the Blind India की राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक के अवसर पर NAB उत्तराखंड राज्य शाखा, हल्द्वानी द्वारा एक गरिमामय स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तिलक एवं पुष्प स्वागत से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आत्मीयता एवं उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड राज्य शाखा की अध्यक्षा सुश्री सविता लाहोटी एवं महासचिव श्री रघुबीर सिंह कलाकोटी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विमल कुमार डेंगला, चेयरमैन ट्रस्टी एवं सचिव जनरल, NAB इंडिया, मुंबई थे, जबकि श्री प्रताप सिंह सिंधु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री गोपाल कृष्ण अग्रवाल, श्री हेम सिंह यादव, श्री संजय राय, श्री शैलेन्द्र जैन, सुश्री पल्लवी कदम, श्री यूसुफी काबड़िया, श्री हरिशंकर सिंह तथा श्री रामाकांत साटम सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, चंडीगढ़, राजस्थान एवं उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वर्गीय श्री भुवन चंद खंडूरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके योगदान को आदरपूर्वक स्मरण किया गया। कार्यक्रम की गरिमा को ध्यान में रखते हुए इसे अत्यंत सादगी एवं सम्मानपूर्ण वातावरण में बिना संगीत एवं वाद्य यंत्रों के आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। NAB इंडिया द्वारा उत्तराखंड राज्य शाखा की अध्यक्षा सुश्री सविता लाहोटी एवं महासचिव श्री रघुबीर सिंह कलाकोटी को उनके उल्लेखनीय नेतृत्व, समर्पण एवं दृष्टिबाधित व्यक्तियों के सशक्तिकरण हेतु किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों ने शाखा द्वारा संचालित विद्यालय एवं अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, पुनर्वास, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में डॉ. विमल कुमार डेंगला ने उत्तराखंड राज्य शाखा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह शाखा सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है। उन्होंने उत्तराखंड शाखा के भविष्य के विकास एवं विस्तार हेतु NAB इंडिया की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा शिक्षा, पुनर्वास, सुगम्यता, कौशल विकास और दृष्टिबाधित व्यक्तियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
डॉ. डेंगला ने आगे कहा कि समाज में समावेशन, समान अवसर और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास एवं संयुक्त प्रतिबद्धता अत्यंत आवश्यक है।
अंत में उपस्थित सभी अतिथियों ने उत्तराखंड राज्य शाखा द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन, आत्मीय आतिथ्य एवं समर्पित प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


