25 हज़ार का इनामी आरिफ उर्फ गुड्डू मुठभेड़ में घायल, बरेली पुलिस की घेराबंदी में दबोचा गयापत्नी की हत्या के बाद महीनों से था फरार
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। थाना बिथरी चैनपुर पुलिस और 25 हज़ार के इनामी कुख्यात बदमाश आरिफ उर्फ गुड्डू के बीच बुधवार शाम रामगंगा नगर में जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस की सटीक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पत्नी की हत्या के बाद लगातार बदल रहा था लोकेशन
जानकारी के मुताबिक, आरिफ ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या 04 जुलाई 2025 को गला दबाकर की थी। वारदात के बाद वह दिल्ली, बिहार और गुवाहाटी में पुलिस से छिपता फिर रहा था। बुधवार को वह चुपके से अपना सामान लेने रामगंगा नगर पहुंचा, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ प्लान
जैसे ही बिथरी चैनपुर पुलिस ने घेराबंदी की, आरोपी ने पुलिस पार्टी पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। मौके पर मौजूद टीम ने फायरिंग का जवाब दिया, जिसमें आरिफ के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
मुठभेड़ में कांस्टेबल दीपक भी घायल हुए। आरोपी और कांस्टेबल दोनों को सीएचसी बिथरी चैनपुर में भर्ती कराया गया है।
26 मुकदमों में वांछित, शाहजहांपुर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरिफ पर 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह शाहजहांपुर के कटरा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और पिछले कई महीनों से पुलिस को चकमा देता फिर रहा था।
हथियार और अन्य सामान बरामद
मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, एक खोखा, कारतूस से भरी बाइक, 300 रुपये नकद और मोबाइल बरामद किया है।
एसपी उत्तरी ने दी आधिकारिक जानकारी
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बुधवार शाम करीब 6 बजे पूरी घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इस फरार अपराधी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए ये साफ संदेश है“भागोगे कितना, बरेली पुलिस से बच नहीं पाओगे।”


