72 घंटे में हत्याकांड का खुलासा: अर्जुन मौर्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। संजयनगर में हिंदूवादी नेता अर्जुन मौर्य की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के 72 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है।
15 जून की रात हुई थी सनसनीखेज हत्या
गौरतलब है कि 15 जून की रात थाना बारादरी क्षेत्र के संजयनगर में 21 वर्षीय अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अर्जुन डेलापीर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में डीजे का कार्य करता था और काम से घर लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उसे रोककर सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पिता राकेश मौर्य, जो राष्ट्रीय हिंदू महासभा भारत के जिला सचिव हैं, ने अर्पित मौर्य, कपिल और कुश के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद परिजनों और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
चार पुलिस टीमें कर रही थीं तलाश
हत्या के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त चार टीमें गठित की थीं। आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस उनके करीब पहुंच गई।
FCI गोदाम के पास हुई मुठभेड़
ASP शिवम आशुतोष के अनुसार गुरुवार रात सूचना मिली कि आरोपी अर्पित और उसका साथी कुश हारुनगला रोड के रास्ते फरार होने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने FCI गोदाम के आसपास घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद दो संदिग्ध युवक पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अर्पित के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी कुश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी कुश की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिजनों में गुस्सा, पुलिस पर बड़ी जिम्मेदारी
अर्जुन मौर्य की हत्या के बाद क्षेत्र में अभी भी तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का था और क्षेत्र में आए दिन लोगों को परेशान करता था। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।
