कैंचीधाम में जाम से मिलेगी निजात? केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने दिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग विकसित करने के निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

कैंचीधाम में जाम से मिलेगी निजात? केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने दिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग विकसित करने के निर्देश

 

प्रवेश और निकासी के लिए होंगे अलग-अलग रास्ते, निगलाट में पार्किंग और रानीबाग में वैली ब्रिज बनाने की संभावनाओं पर होगा सर्वे

 

हल्द्वानी/काठगोदाम। कैंचीधाम में लगातार लग रहे जाम और पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए केंद्र सरकार ने पहल तेज कर दी है। शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने सर्किट हाउस काठगोदाम में पुलिस, आरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पिछले सप्ताह कैंचीधाम में लगे जाम पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने और वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।

 

कैंचीधाम में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग बनाने के निर्देश

 

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि कैंचीधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर प्रबंधन जरूरी है। उन्होंने मंदिर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा।

 

उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिर को सुबह छह बजे के बजाय चार बजे खोला जाए, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके। साथ ही, पार्किंग की ओर से निकासी का अलग रास्ता बनाने की व्यवस्था पर भी मंदिर प्रशासन से वार्ता कर समाधान निकालने के निर्देश दिए।

 

निगलाट में पार्किंग, वैकल्पिक मार्गों पर बनेगी योजना

 

कैंचीधाम में जाम का असर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ता है। इसे देखते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने को कहा।

 

उन्होंने निगलाट के पास वन विभाग की नर्सरी की खाली भूमि पर पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग संयुक्त रूप से सर्वे करेंगे।

 

इसके अलावा पाटलीगांव से रातीघाट तक सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सड़क को सुचारू करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। सैनिटोरियम से पाटलीगांव तक सड़क की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए, ताकि वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके।

 

क्वारब-तल्ला रामगढ़ मार्ग होगा टू-लेन, कैंचीधाम से हड़तप्पा तक वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव

 

बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री ने क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को टू-लेन करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कैंचीधाम से हड़तप्पा तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा।

 

उन्होंने भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके लिए वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त सर्वे करने को कहा गया।

 

रानीबाग में वैली ब्रिज से जाम की समस्या दूर करने की कवायद

 

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर लगने वाले जाम की समस्या को उठाया। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर वैली ब्रिज बनने से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों के यातायात को सुचारू बनाने में मदद मिल सकती है।

 

इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुलाबघाटी के चौड़ीकरण के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत कराकर कार्य शुरू करने की बात भी कही।

 

गौलापार-लालकुआं बाईपास का डेढ़ साल में काम पूरा करने का लक्ष्य

 

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि गौलापार-लालकुआं बाईपास के टेंडर हो चुके हैं और इसका निर्माण कार्य डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बाईपास के बनने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

आम जनता से की अपील

 

अजय टम्टा ने आम जनता से पर्वतीय मार्गों पर वाहन पार्क नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने से जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

 

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश जी, आरटीओ अरविंद कुमार पांडे, अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग राजेश पांडे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रतनेश, उपजिलाधिकारी मोनिका, सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल सहित पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई