जिलाधिकारी ललित मोहन की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक, पर्यटन स्वरोजगार व होमस्टे योजना के 31 आवेदन स्वीकृत
नैनीताल। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के तहत जिला चयन समिति की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदन-पत्रों की समीक्षा करते हुए कुल 31 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 4 आवेदन निरस्त किए गए।
बैठक में समिति ने शासनादेशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप आवेदन-पत्रों का परीक्षण किया। पात्र आवेदकों के प्रकरणों पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक संस्तुतियां प्रदान की गईं। वहीं, अपूर्ण अथवा आवश्यक अभिलेखों के अभाव वाले प्रकरणों पर नियमानुसार निर्णय लिया गया।
पर्यटन स्वरोजगार योजना के 19 आवेदन स्वीकृत
वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वाहन श्रेणी में प्राप्त 17 आवेदन-पत्रों में से 15 स्वीकृत किए गए, जबकि 2 आवेदन निरस्त हुए। गैर-वाहन श्रेणी में प्राप्त सभी 4 आवेदन-पत्रों को स्वीकृति प्रदान की गई।
इस प्रकार पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत कुल 21 आवेदनों में से 19 स्वीकृत किए गए तथा 2 आवेदन निरस्त हुए।
होमस्टे विकास योजना के 12 आवेदन स्वीकृत
दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त 14 आवेदन-पत्रों में से 12 को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 2 आवेदन निरस्त किए गए।
दोनों योजनाओं को मिलाकर कुल 35 आवेदन-पत्र समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 31 स्वीकृत और 4 निरस्त किए गए।
पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे योजनाओं का लाभ: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ललित मोहन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित लाभार्थियों के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पूर्ण पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ पहुंचना चाहिए। शासन की मंशा के अनुरूप लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र व्यक्तियों को ही मिलना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाना तथा जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में एएसपी आरडी मठपाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह, एआरटीओ विपिन कुमार, एएलडीएम भूपेंद्र सिंह जीना, नाबार्ड के डीडीएम मुकेश बेलवाल, एएम डीआईसी कैलाश सिंह सम्मल सहित चयन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




