अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों का सम्मान,उम्र के पड़ाव पर हुनर का जलवा! वृद्धजन दिवस पर सम्मान, श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों की प्रस्तुतियों ने लूटी महफिल
हल्द्वानी, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, नैनीताल की ओर से वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी के सहयोग से रामपुर रोड स्थित महारानी बैंकट हॉल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि शांति मेहरा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक परिषद के अध्यक्ष इं. भुवन भास्कर पांडे ने की।
समारोह का शुभारंभ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना, वंदे मातरम् गायन तथा समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्व. न्यायमूर्ति मुरारी लाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। महिलाओं द्वारा गणेश वंदना एवं स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया गया।
समारोह के दौरान समिति के 5 वयोवृद्ध जनों, 3 विशिष्ट समाजसेवी वरिष्ठजनों, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले सदस्यों, विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों तथा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को माला, मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों की प्रस्तुति ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का विशेष आकर्षण रहा। एम.एस. सेवा संस्थान के बच्चों ने ‘बेटी हिंदुस्तानी’ ग्रुप डांस प्रस्तुत किया, जबकि श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने नृत्य, कविता पाठ और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समारोह में मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं। बुजुर्गों की प्रस्तुतियों ने यह संदेश भी दिया कि उम्र केवल एक पड़ाव है, उत्साह और प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने वरिष्ठजनों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने वरिष्ठजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। अध्यक्ष के धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर नवीन चंद वर्मा, शांति मेहरा, भुवन भास्कर पांडे, पारुल थपलियाल, विश्वनाथ गौतम, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी असलम अली, मो. चांद, सहायक समाज कल्याण अधिकारी विपिन बिष्ट, डॉ. निधि, डॉ. विपुल शंकर, डॉ. दीपा, रजत तिवारी सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। मंच का संचालन श्री आनंद वृद्धाश्रम की अध्यक्ष कनक चंद ने किया, जबकि सह-संचालन में आर.एस. ऐरी ने सहयोग किया।





