रामनगर में ‘सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का मंच, 190 शिकायतें दर्ज—98 का मौके पर निस्तारण

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

रामनगर में ‘सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का मंच, 190 शिकायतें दर्ज—98 का मौके पर निस्तारण

रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान—सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ सेवा पखवाड़े के चौथे दिन पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 24 विभाग एक मंच पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।

शिविर में कुल 190 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज हुईं, जिनमें से 98 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में 100 बेड और चिकित्सकों की तैनाती, अवैध शराब की बिक्री, नजूल भूखंड फ्रीहोल्ड, खतौनी में नाम दर्ज कराने, बाजार में अनावश्यक वाहनों की पार्किंग, अस्पताल में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी, विद्युत पोल व तारों की समस्या, खराब वाहनों को हटाने तथा जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों समेत कई जनसमस्याएं उठाई गईं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान को सेवा और संवेदनशीलता का माध्यम बनाते हुए अधिकतम शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन को सरकारी नियमों की जटिलताओं की जानकारी नहीं होती, इसलिए उनकी समस्याओं को सरलता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर नियमानुसार समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ

शिविर में सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत कुक्कुट एवं दुधारू पशुपालन के लिए 4 लाभार्थियों को कुल 5.10 लाख रुपये के चेक वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 5 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की। समाज कल्याण विभाग की ओर से 1 ट्राईसाइकिल, 2 व्हीलचेयर और 4 श्रवण मशीनें वितरित की गईं।

स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता संदेश दिया तथा नाथूपुर छोई और चुकुम गांव के ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया।

राजस्व, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि, विद्युत, श्रम, उरेडा, खाद्य एवं सहकारिता समेत 24 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों के आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए।

कार्यक्रम में राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

‘सेवा संकल्प अभियान—सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ सेवा पखवाड़ा जनपद के 8 विकासखंडों में क्रमवार आयोजित किया जाएगा। अगला शिविर 9 अक्टूबर को धारी ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित होगा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई