UPSRLM योजनाओं की प्रगति पर सीडीओ देवयानी यादव सख्त, VC के जरिए अधिकारियों को दिए लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
RF, CIF, CCL, समूह गठन, बैंक खाते और आजीविका गतिविधियों की हुई विस्तृत समीक्षा
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली।जनपद में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी देवयानी यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के साथ मिशन की वित्तीय और भौतिक प्रगति पर गहन चर्चा की गई।
वीसी में DC NRLM, ADO (GV), BMMs सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सीडीओ ने रिवॉल्विंग फंड (RF), कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (CIF), कैश क्रेडिट लिमिट (CCL), स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खुलवाने, पात्र गृहस्थी चयन, ड्राई राशन फीडिंग, आजीविका रजिस्टर फीडिंग और नए समूह गठन की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की।
बैठक में कई ब्लॉकों की प्रगति अपेक्षा से कम पाए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीडीओ देवयानी यादव ने अधिकारियों से कहा कि स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बैंकिंग और आजीविका गतिविधियों में तेजी लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों का चयन पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा सभी फीडिंग कार्य समय से पोर्टल पर अपडेट किए जाएं।
उन्होंने समूह गठन अभियान को और प्रभावी बनाने, लंबित बैंक खातों को शीघ्र खुलवाने तथा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। साथ ही ब्लॉक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में सीडीओ ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी और सभी अधिकारी तय लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए मिशन की प्रगति सुनिश्चित करें।


