अत्यधिक शराब सेवन के बाद सड़क किनारे सोए व्यक्ति की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
रिपोर्ट/ राजेश सिंह
बरेली/बदायूं। अत्यधिक शराब सेवन के बाद सड़क किनारे सो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान जिला बदायूं के पुराना रोडवेज स्थित बाबूराम मार्केट निवासी 50 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, राजकुमार दो दिन पहले बरेली कोतवाली क्षेत्र के बिहार बस्ती में अपने भांजे की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे।
शादी समारोह के दौरान उन्होंने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन कर लिया। नशे की हालत में वह सड़क किनारे ही सो गए। कुछ समय बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
राजकुमार की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी बेला देवी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
