Home Poltical अब्दुल्ला आज़म के दो पैन कार्ड मामले का निस्तारण जल्द, सुप्रीम कोर्ट...

अब्दुल्ला आज़म के दो पैन कार्ड मामले का निस्तारण जल्द, सुप्रीम कोर्ट ने हटाया स्टे

0

अब्दुल्ला आज़म के दो पैन कार्ड मामले का निस्तारण जल्द, सुप्रीम कोर्ट ने हटाया स्टे

फिरोज खान
रिपोर्ट-हैदर अली

रामपुर-सपा नेता और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आज़म खान के खिलाफ चल रहे दो पैन कार्ड मामलों में अब तेजी आने वाली है। सुप्रीम कोर्ट ने इस केस पर लगी रोक (स्टे) को हटा दिया है और निर्देश दिया है कि मामला 8 सप्ताह के भीतर निस्तारित किया जाए। यह जानकारी अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने दी।

मामला वर्ष 2019 का है, जब भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने अब्दुल्ला आज़म पर दो अलग-अलग पैन कार्ड रखने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि अब्दुल्ला आज़म ने अपने दो अलग-अलग जन्मतिथियों के आधार पर अलग-अलग दस्तावेज तैयार कराए थे, जिनमें से एक के सहारे उन्होंने पैन कार्ड बनवाया।

इस प्रकरण में रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका के चलते कार्यवाही पर रोक लगी हुई थी। अब सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्टे हटाए जाने के बाद यह मामला फिर से सक्रिय हो गया है। अदालत ने साफ निर्देश दिया है कि 8 सप्ताह के भीतर केस का निपटारा किया जाए, जिससे लंबे समय से लंबित यह प्रकरण जल्द अपने निष्कर्ष तक पहुंचे।

अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि कोर्ट का यह निर्णय न्यायिक प्रक्रिया को गति देने वाला है। उन्होंने कहा कि अब एमपी-एमएलए कोर्ट इस मामले की सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर करेगी।

गौरतलब है कि अब्दुल्ला आज़म खान पहले भी कई विवादों में घिर चुके हैं। उनके निर्वाचन को लेकर भी पूर्व में कानूनी विवाद हुए थे। अब यह पैन कार्ड प्रकरण एक बार फिर उनके लिए कानूनी मोर्चे पर चुनौती बनकर उभरा है।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version