आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर बरेली कॉलेज में आशु भाषण प्रतियोगिता
रेडियो की उपयोगिता और सोशल मीडिया की चुनौतियों पर छात्रों ने रखे विचार
विजेताओं को आकाशवाणी बरेली के युववाणी कार्यक्रम में एंकरिंग का मिलेगा मौका
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। देश के सबसे पुराने और विश्वसनीय प्रसारण माध्यमों में शामिल आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी बरेली की ओर से बरेली कॉलेज में आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रेडियो की महत्ता, बदलते मीडिया परिवेश और सोशल मीडिया के दौर में रेडियो की चुनौतियों जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में “जन-जन की वाणी आकाशवाणी”, “बहुजन हिताय-बहुजन सुखाय”, “रेडियो मेरा दोस्त” और “सोशल मीडिया के दौर में रेडियो की चुनौतियां” जैसे विषय दिए गए। छात्रों ने अपने विचारों को आत्मविश्वास और प्रभावी शैली में प्रस्तुत कर श्रोताओं और निर्णायकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की। मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव और गौरव सक्सेना ने प्रतिभागियों को विभिन्न विषय प्रदान किए और कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
प्रतियोगिता में एमए के छात्र माधव मिश्र ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि एमए की छात्रा शिवांगी अग्रवाल द्वितीय और पीजीडी जेएमसी के छात्र संजीव तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को जल्द ही आकाशवाणी बरेली के लोकप्रिय युववाणी कार्यक्रम को एक दिन प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।
कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न जनजागरूकता और शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में बरेली में भी युवाओं को रेडियो और जनसंचार माध्यमों से जोड़ने के लिए लगातार आयोजन किए जा रहे हैं।
