बकरीद से पहले बरेली पुलिस अलर्ट, एसएसपी अनुराग आर्य ने दिए सख्त निर्देश
सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी नहीं, भड़काऊ पोस्ट पर होगी तुरंत कार्रवाई
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली।अनुराग आर्य की अगुवाई में बकरीद को लेकर बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। त्योहार से पहले आयोजित हाईलेवल बैठक में एसएसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को साफ निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की अव्यवस्था, सांप्रदायिक तनाव या नियमों के उल्लंघन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में खास तौर पर कुर्बानी व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों की निगरानी को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क, पार्क, सार्वजनिक स्थल या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी भी हालत में कुर्बानी न होने पाए। इसके अलावा कुर्बानी के बाद मीट खुले में ले जाने पर भी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि मीट को पूरी तरह ढककर और व्यवस्थित तरीके से ही ले जाया जाए, ताकि किसी प्रकार का विवाद या तनाव पैदा न हो।
पुराने विवादों की फाइलें खंगाल रही पुलिस
बकरीद से पहले पुलिस अब उन इलाकों पर विशेष नजर बनाए हुए है जहां पहले सांप्रदायिक तनाव या विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यूपी-112 पर दर्ज पुराने मामलों और शिकायतों का दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, मोबाइल गश्त और पिकेट ड्यूटी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
थाना प्रभारियों से कहा गया है कि वे लगातार अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर माहौल पर नजर रखें और छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लें। पुलिस प्रशासन का फोकस इस बार त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
बरेली पुलिस सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पुलिस साइबर टीमों को फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कुर्बानी के वीडियो, भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली किसी भी सामग्री पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
