Home Bareilly बहेड़ी में खेत की मेड़ विवाद बना खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में...

बहेड़ी में खेत की मेड़ विवाद बना खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में चार भाई घायल

0

बहेड़ी में खेत की मेड़ विवाद बना खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में चार भाई घायल

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, गांव में फैला तनाव

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत जाम खजूर में रविवार को खेत की मेड़ को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से पूरा गांव दहल उठा। घटना में एक ही परिवार के चार भाई गोली लगने से घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में लेते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। कई बार पंचायत और समझौते की कोशिशें भी हुईं, लेकिन तनाव खत्म नहीं हो सका। रविवार सुबह खेत पर दोनों पक्षों के बीच फिर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने अवैध हथियार निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से गांव में भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

गोली लगने से एक ही परिवार के चार भाई घायल

फायरिंग की इस घटना में आरिफ, शारिक, वामिक और शारिफ पुत्रगण जिलानी खान घायल हो गए। चारों को गोली लगने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह खेत की मेड़ और पुरानी रंजिश सामने आई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version