Home Bareilly भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर भड़के भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल

भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर भड़के भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल

0

भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर भड़के भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल

बोले- जनता परेशान, अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली, 23 मई 2026। भीषण गर्मी के बीच बरेली में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर कैंट क्षेत्र के भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर कड़ा नाराजगी जताई है। विधायक ने कहा कि शहर की जनता घंटों बिजली गुल रहने से बेहाल है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेने के बजाय लापरवाही बरत रहे हैं।

गर्मी में लोगों का जीना हुआ मुश्किल”

विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि इस समय तापमान लगातार बढ़ रहा है और ऐसे में लंबे समय तक बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। शहर के कई इलाकों से बार-बार बिजली जाने और लो-वोल्टेज की शिकायतें मिल रही हैं। रात में बिजली गुल होने से लोगों की नींद खराब हो रही है और छोटे बच्चे, बुजुर्ग व बीमार लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता लगातार बिजली विभाग के कंट्रोल रूम और अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, लेकिन फोन रिसीव नहीं किए जा रहे। यहां तक कि कई बार जनप्रतिनिधियों के कॉल का भी जवाब नहीं दिया जाता, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

अधिकारियों के रवैये पर उठाए सवाल

भाजपा विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों के कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में बेहतर बिजली व्यवस्था देने का दावा कर रही है, लेकिन फील्ड स्तर पर अधिकारी सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होना अधिकारियों की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

जनता सड़क पर उतरी तो जिम्मेदार होगा विभाग”

संजीव अग्रवाल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि बिजली व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी तो लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि अगर जनता सड़क पर उतरती है और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

जल्द होगी अधिकारियों के साथ बैठक

विधायक ने बताया कि वह लगातार लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं और जल्द ही बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए और गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version