आकाशवाणी के 90 वर्ष: बरेली में गूंजे युवाओं के विचार, इनवर्टिस में आशु भाषण प्रतियोगिता आयोजित”
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। जन-जन की आवाज और देश की सांस्कृतिक धरोहर रहे आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बरेली में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इनवर्टिस विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में आशु भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्रों ने आकाशवाणी की भूमिका, महत्व और योगदान पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विभाग के डीन डॉ. राजेश शर्मा और विभागाध्यक्ष ललित कुमार के मार्गदर्शन में छात्रों ने बेहतरीन तैयारी के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव और कार्यक्रम अधिशासी गौरव सक्सेना ने छात्रों को विभिन्न विषय दिए, जिन पर प्रतिभागियों ने अपनी वाकपटुता और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अंश प्रताप सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राघव अग्निहोत्री दूसरे और सुकृति पाण्डेय तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को आकाशवाणी बरेली के लोकप्रिय ‘युववाणी’ कार्यक्रम में एक दिन प्रस्तुति देने का अवसर दिया जाएगा, जो उनके लिए एक बड़ा मंच साबित होगा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने आकाशवाणी को ज्ञान, सूचना और मनोरंजन का सशक्त माध्यम बताते हुए इसकी ऐतिहासिक यात्रा को सराहा। बताया गया कि 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बरेली में भी जनजागरूकता और शैक्षिक संवाद को बढ़ावा देने के लिए कई आयोजन किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम ने न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि उन्हें मीडिया के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा भी प्रदान की।


