एसएसपी अनुराग आर्य को सेलेक्शन ग्रेड पदोन्नति, अतिरिक्त स्टार व कॉलर बैंड से सम्मानित
संपादक/ धीरेंद्र सिंह (धीरू)
बरेली।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद बरेली श्री अनुराग आर्य को सेलेक्शन ग्रेड में पदोन्नति मिलने पर अतिरिक्त स्टार एवं कॉलर बैंड प्रदान किए गए। उत्तर प्रदेश शासन (गृह विभाग–पुलिस सेवाएं) द्वारा निर्गत आदेश के अनुपालन में इस अवसर पर बरेली जोन मुख्यालय में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बरेली जोन श्री रमित शर्मा ने की। पदोन्नति आदेश के क्रम में एडीजी श्री रमित शर्मा तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र श्री अजय कुमार साहनी द्वारा श्री अनुराग आर्य के कंधों पर अतिरिक्त स्टार (श्वेत धातु) एवं कॉलर बैंड सुशोभित किए गए और उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) सहित बरेली पुलिस मुख्यालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री अनुराग आर्य के कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता एवं अनुशासित कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


