‘कार्रवाई नहीं, जागरूकता जरूरी’— कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठी मांग
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। जनपद के कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार सुरक्षा मंडल ने एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित कर प्रशासन से स्पष्ट सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। बैठक के उपरांत बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसे सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने स्वीकार किया।
मंडल ने ज्ञापन में कहा कि कई छोटे और मध्यम स्तर के कोचिंग संस्थान सुरक्षा नियमों की पर्याप्त जानकारी के अभाव और अनावश्यक भय के कारण असमंजस की स्थिति में हैं। ऐसे में प्रशासन पहले विस्तृत एडवाइजरी जारी करे, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करे और संस्थानों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था करने के लिए उचित समय प्रदान करे। इसके बाद संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाए।
ज्ञापन में भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, स्वच्छता, पार्किंग, फायर ड्रिल तथा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण जैसे सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों के पालन को अनिवार्य बनाने की मांग की गई।
मंडल के अध्यक्ष गौरव सक्सेना ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी संस्थान के विरुद्ध कार्रवाई कराना नहीं, बल्कि छात्र-हित में सभी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित शिक्षण वातावरण विकसित करना है। बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने ज्ञापन के विभिन्न बिंदुओं पर संयुक्त सचिव के साथ चर्चा कर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
बैठक में दिलीप खुराना, पुनीत अनेजा, अमित कंचन, शिवम सक्सेना, रौनक जॉली, अंकित खंडूजा, चेतन गुजराल, केतन अरोड़ा, अवधेश कुमार त्रिवेदी, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


