गाजियाबाद में मुठभेड़: मेरठ के यूट्यूबर पर हमले का आरोपी जीशान ढेर
लोनी में पुलिस मुठभेड़, एक लाख का इनामी बदमाश जीशान मारा गया
मेरठ के यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर चाकू से हमले का था आरोपी
पुलिस का दावा—सीधी मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई में हुई मौत
रिपोर्ट/राजेश सिंह
गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जीशान को मार गिराने का दावा किया है। जीशान पर हाल ही में मेरठ के यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले में शामिल होने का आरोप था।
घटना 27 फरवरी की सुबह की है, जब लोनी इलाके में सलीम वास्तिक पर चाकू से हमला किया गया था। हमलावरों ने कथित तौर पर उनकी गर्दन रेतने की कोशिश की थी और पेट पर भी वार किया था। गंभीर रूप से घायल सलीम को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जीशान पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। सोमवार देर रात लोनी क्षेत्र में पुलिस की टीम के साथ उसकी मुठभेड़ हुई। पुलिस का कहना है कि जीशान ने फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ को लेकर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
