गाजियाबाद में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई: महिला दारोगा प्रिया सिंह 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
रिपोर्ट/राजेश सिंह
उत्तर प्रदेश /गाज़ियाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मेरठ की एंटी करप्शन टीम ने गाजियाबाद के मुरादनगर थाने में तैनात महिला दारोगा प्रिया सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, महिला दारोगा प्रिया सिंह पर एक मामले में आरोपी का नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद मेरठ एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत जैसे ही महिला दारोगा ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी महिला दारोगा के पास से 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा रहा है।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
👉 यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि रिश्वतखोरी के खिलाफ आम लोगों की शिकायतें अब सीधे असर दिखा रही हैं और भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
