गौरव गोस्वामी हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, सभी आरोपी गैंगस्टर एक्ट में पंजीकृत
रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली।बारादरी इलाके में हुए सनसनीखेज गौरव गोस्वामी हत्याकांड में पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंग पंजीकरण कर दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य के सख्त रुख के बाद की गई इस कार्रवाई से अपराधियों के खेमे में हड़कंप मच गया है।
बारादरी थाना पुलिस की आख्या पर सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव और एसपी सिटी मानुष पारीक ने संस्तुति दी, जिसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने आदेश जारी करते हुए मुख्य आरोपी निशांत सोनकर को गैंग लीडर घोषित किया। अब पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुट गई है।
11 सितंबर को दिनदहाड़े हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 11 सितंबर को बारादरी थाना क्षेत्र में विशारतगंज के वार्ड सात निवासी और हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष गौरव गोस्वामी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। मृतक के पिता छोटेलाल की तहरीर पर पुलिस ने निशांत उर्फ बिहारी समेत आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निशांत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया था। वहीं फरार आरोपी शेखर को भी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने निशांत, चंदन, अभय, राजा, समीर, शेखर, नैतिक और अनस के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होने से आरोपियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट कहा है कि गौरव गोस्वामी हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। बारादरी पुलिस जल्द ही गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अपराधियों की कमर तोड़ने की कार्रवाई करेगी।


