Home Uttar Pradesh घर में बंद डेढ़ माह की मासूम की मौत, भीख मांगने गए...

घर में बंद डेढ़ माह की मासूम की मौत, भीख मांगने गए थे माता-पिता

0

घर में बंद डेढ़ माह की मासूम की मौत, भीख मांगने गए थे माता-पिता

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। किला थाना क्षेत्र के छावनी इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां डेढ़ माह की एक मासूम बच्ची की घर के अंदर ही मौत हो गई। घटना के समय बच्ची अपने तीन अन्य छोटे भाई-बहनों के साथ घर में बंद थी, जबकि माता-पिता भीख मांगने के लिए बाहर गए हुए थे।

सूचना मिलते ही किला थाना प्रभारी सुभाष यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शादाब और उसकी पत्नी हिना उर्फ साइन अपने परिवार का गुजारा भीख मांगकर करते हैं। दंपती पिछले करीब चार महीनों से इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे।

बताया गया है कि परिवार में चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां शामिल हैं। मृत बच्ची का जन्म करीब डेढ़ माह पहले हुआ था और वह जन्म से ही काफी कमजोर बताई जा रही थी। शुक्रवार सुबह दंपती रोज की तरह बच्चों को घर में बंद कर भीख मांगने निकल गए।

शाम को जब दोनों वापस घर पहुंचे तो मासूम बच्ची अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत बीमारी और अत्यधिक कमजोरी के कारण होना बताया गया है।

थाना प्रभारी सुभाष यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version