चलती त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश बनी मौत का कारण, बरेली जंक्शन पर पुरुष और महिला की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई। प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास कर रहे एक पुरुष और एक महिला संतुलन खो बैठे और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए। हादसा इतना भयावह था कि एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे त्रिवेणी एक्सप्रेस बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन चलने के बाद एक पुरुष और एक महिला जल्दबाजी में उसमें सवार होने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरे।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी। मौके पर पहुंची टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन पुरुष यात्री की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद कुछ समय तक स्टेशन परिसर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करने की अपील की है।
जीआरपी ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक पुरुष और महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनके पास मिले सामान और अन्य सुरागों के आधार पर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।


