Home Poltical जॉर्जिया में बहेड़ी के युवक की दर्दनाक मौत: एमबीबीएस छात्र सफ़वान खाई...

जॉर्जिया में बहेड़ी के युवक की दर्दनाक मौत: एमबीबीएस छात्र सफ़वान खाई में गिरने से जान गंवाई, परिवार में कोहराम

0

जॉर्जिया में बहेड़ी के युवक की दर्दनाक मौत: एमबीबीएस छात्र सफ़वान खाई में गिरने से जान गंवाई, परिवार में कोहराम

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह

बरेली/बहेड़ी के देवरनियां थाना क्षेत्र के रहपुरा गनीमत गांव के रहने वाले मोहम्मद सफ़वान (22) की जॉर्जिया में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। सफ़वान जॉर्जिया में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। यह हादसा 23 नवंबर 2025 को हुआ, जिससे परिवार में मातम और इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, सफ़वान अपने कुछ साथियों के साथ यूनिवर्सिटी से बाहर पहाड़ी इलाके में घूमने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर पड़े। गिरने के बाद उन्होंने वहीं दम तोड़ दिया। घटना की सूचना उनके दोस्तों ने परिवार को दी, जिसके बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है।

सफ़वान के पिता इरफान अहमद—जो पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त दरोगा हैं—ने बताया कि उनका बेटा परिवार की उम्मीद और सहारा था। वे बोले, “हमने उसे डॉक्टर बनाने का सपना देखा था। वह परिवार का आधार था, पर अब हमारे बीच नहीं है। यह हमारे लिए अपूरणीय नुकसान है।”

परिवार में चार बच्चे हैं। बड़ी दो बहनों की शादी हो चुकी है। सफ़वान तीसरे नंबर पर थे और परिवार के सबसे बड़े सहारे माने जाते थे। उनका छोटा भाई मुआज़ भी जॉर्जिया में पढ़ाई कर रहा था, लेकिन कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर भारत आया था। भाई की मौत की खबर से वह टूट गया है। मुआज़ ने कहा, “मेरे भाई के बिना मेरी दुनिया ही उजड़ गई। वह सिर्फ भाई नहीं, मेरा सबसे बड़ा दोस्त था।”

सफ़वान ने 2021 में यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण उन्हें जॉर्जिया शिफ्ट होकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ़ यूरोप में दाखिला लेना पड़ा। वह अपने कोर्स के अंतिम वर्ष में थे और जल्द ही भारत लौटने वाले थे।

परिवार ने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि सफ़वान का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि उसे सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी जा सके।

दुर्घटना की खबर के बाद गांव और रिश्तेदारों में गहरा शोक है। सभी एक होनहार युवक की असमय मौत पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version